⚡ ब्रेकिंग News

बेटी की शादी के लिए जुटाया सामान,सब कुछ जलकर हुआ खाक, टुटा अरमान...

 


 


 महराजगंज। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे एक गरीब परिवार की खुशियां रविवार की सुबह चूल्हे से निकली एक चिंगारी ने छीन लीं। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गिरहिया बड़का शीतलपुर में चूल्हे की चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बेटी की शादी के लिए जुटाकर रखा गया सामान, कपड़े, चारपाई, तीन साइकिल, चारा मशीन और खाद्य सामग्री समेत घर-गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।

बताया गया कि गांव निवासी नंदकिशोर गौड़ की बेटी रूबी रविवार सुबह करीब पांच बजे लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी झोपड़ी में जा गिरी। देखते ही देखते झोपड़ी से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग की भयावहता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी तथा मिट्टी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक झोपड़ी और उसमें रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

 *9 दिसंबर को होनी है रूबी की शादी* 

नंदकिशोर गौड़ पिछले करीब सात महीने से लुधियाना में रहकर काम कर रहा है। परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। बताया गया कि बेटा राजन और बेटी बीमा दिव्यांग हैं। दूसरे नंबर की बेटी रूबी की शादी कोठीभार थाना क्षेत्र के पंडित बरवा गांव में तय हुई है और आगामी 9 दिसंबर को उसकी शादी होनी है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था और धीरे-धीरे जरूरी सामान जुटाया जा रहा था। लेकिन आग की इस घटना ने शादी की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया।

 *प्रशासन ने नुकसान का लिया जायजा* 

घटना की सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल अनिल मौके पर पहुंचे और अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया। तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

आग में बेटी की शादी के लिए जुटाए गए सामान के जल जाने से परिवार के सामने अब शादी की तैयारियों को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है।

     प्रभारी महराजगंज 

        कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...