महराजगंज:-ठूठीबारी-महराजगंज मार्ग पर शनिवार को सरकारी बस और बाइक की जोरदार भिड़ंत में महिला और उसका करीब दो वर्षीय मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल मां करीब 40 मिनट तक सड़क पर तड़पती रही, जबकि पिता अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर मदद की गुहार लगाते रहे। एंबुलेंस के समय पर मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
जानकारी के अनुसार, धर्मौली निवासी अनिल पुत्र चंद्रसेठ अपनी पत्नी और करीब दो वर्षीय बच्चे के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान ठूठीबारी से महराजगंज की ओर जा रही महराजगंज डिपो की सरकारी बस संख्या UP 53 DT 6722 ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार महिला और उसका मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद सड़क पर घायल महिला दर्द से कराहती रही। वहीं पिता अपने करीब दो वर्षीय बच्चे को गोद में लेकर इधर-उधर मदद की गुहार लगाते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद करीब 40 मिनट तक एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी।
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने मोर्चा संभाला। ठूठीबारी की ओर से आ रही एक पिकअप को रोककर गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं बच्चे की हालत नाजुक होने पर पिता ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाइक पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना के दौरान का दृश्य बेहद मार्मिक रहा। एक ओर पत्नी सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी थी तो दूसरी ओर मासूम बच्चे की हालत लगातार बिगड़ रही थी। पिता के सामने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की चुनौती थी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद लोगों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता पर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंभीर सड़क हादसे की सूचना के बाद यदि एंबुलेंस समय से पहुंचती तो घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिल सकती थी। फिलहाल घायलों का उपचार कराया जा रहा है। हादसे को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment