झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- मेराल-भवनाथपुर-चोपन रेल संपर्क की मांग को लेकर रेल चलाओ संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड के प्रसिद्ध सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में हुई। बैठक में मेराल-भवनाथपुर रेलखंड पर यात्री ट्रेन सेवा शुरू कराने तथा रेल संपर्क को आगे खरौंधी, कोन और सलईबनवा होते हुए चोपन से जोड़ने की मांग को लेकर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज करने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में जनसमर्थन बढ़ाने, गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाने और हस्ताक्षर अभियान को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य सुषमा कुमारी के प्रतिनिधि दिनेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधा की मांग को मजबूती से उठाने की जरूरत है। बैठक का संचालन खुटहेरिया पंचायत समिति सदस्य अभिनंदन शर्मा ने किया, जबकि संघर्ष समिति के संयोजक सतीश यादव ने अब तक चलाए गए अभियान और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
पतरिया पंचायत समिति सदस्य अमरजीत ठाकुर उर्फ प्रिंस ठाकुर सहित अन्य लोगों ने भी रेल संपर्क की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। समिति की ओर से रेल मंत्री को पत्र भेजकर मेराल-भवनाथपुर रेलखंड पर यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने तथा सलईबनवा तक रेल सुविधा बहाल करने की मांग की गई है। समिति के अनुसार मेराल से भवनाथपुर माइंस तक करीब 35 किलोमीटर रेल लाइन पहले से बिछी हुई है और इस रेलखंड पर पूर्व में मालगाड़ियों का परिचालन होता था। समिति का कहना है कि उपलब्ध रेल आधारभूत ढांचे का उपयोग करते हुए यात्री रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा व्यापार, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है। समिति के अनुसार प्रस्तावित रेल संपर्क से झारखंड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों की बड़ी आबादी को लाभ मिल सकता है। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रेल की मांग को किसी एक गांव या क्षेत्र तक सीमित न रखकर व्यापक जनहित का मुद्दा बनाया जाएगा और इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा। बैठक में शिवपुर मुखिया प्रतिनिधि अरुण राम, सरकोनी पंचायत के उपमुखिया प्रतिनिधि रमेश कुमार, खुटहेरिया पंचायत समिति सदस्य अभिनंदन शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार, पतरिया पंचायत समिति सदस्य अमरजीत ठाकुर उर्फ प्रिंस ठाकुर, उमेश कुमार गुप्ता, पप्पू कुमार, गौतम कुमार पाल, विनय कुमार यादव, विशाल कुमार, मनीष पासवान, लालमेंद्र पासवान, राजन कुमार रवि, शिव नारायण यादव, संतोष कुमार, मिथलेश कुमार, कमलेश प्रजापति, प्रवेश राम, राजेंद्र साव, राजेंद्र यादव, भीम कुमार, ब्रजेश कुमार राम, सुनील राम, मंटू कुमार रवि, जलदीप चंद्रवंशी, फंटूश कर, रंजन कुमार, अमरेश कुमार, शशिकांत कुमार, सुशील कुमार, मिथलेश यादव, सचिन पाल, दिलीप पाल, सुरेंद्र प्रसाद, अवशेष रजवार सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं समिति से जुड़े लोग उपस्थित थे।

Post a Comment