झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले कांडी प्रखंड अंतर्गत मोखापी मोड़ के समीप लगा एक चापानल इन दिनों लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है। खास बात यह है कि इस चापानल को चलाने की जरूरत नहीं पड़ती, इसके बावजूद इससे लगातार पानी निकलता रहता है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, आषाढ़ मास से लेकर कार्तिक मास तक हर वर्ष चापाकल से इसी तरह पानी निकलता रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि चापाकल से निकलने वाला पानी अपने आप बहता रहता है और नीचे जमा होकर आसपास की जमीन को भी गीला रखता है। बारिश के मौसम में पानी का बहाव और बढ़ जाता है। बिना हैंडल चलाए पानी निकलते देख यहां से गुजरने वाले लोग भी कुछ देर रुककर इसे देखते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति कई वर्षों से देखने को मिल रही है। हालांकि, चापाकल से इस तरह अपने आप पानी निकलने के पीछे क्या कारण है, इसकी जानकारी ग्रामीणों को नहीं है। लोगों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहती हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और भूजल स्तर बढ़ने के साथ चापाकल में पानी का दबाव बढ़ जाता है, जिसके कारण पानी स्वतः बाहर निकलने लगता है। हालांकि, इसकी वास्तविक वजह की पुष्टि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।

Post a Comment