संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH न्यूज़ 11 GROUP:-गयाजी 14 सितंबर 2026 पितृपक्ष मेला 2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला परिषद सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। गया जिला के प्रभारी मंत्री सह कृषि मंत्री बिहार सरकार, विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान गया के जनपद पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विभागीय तैयारियों का खाका प्रस्तुत किया।
प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम व्यवस्था जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मेला क्षेत्र के प्रभावी नियंत्रण और निगरानी के लिए इसे 5 जोन तथा 54 सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर में जिम्मेदार पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
त्रिस्तरीय स्वच्छता एवं Trash Cleaning Boat मेला क्षेत्र में तीनों पालियों में सफाई के लिए लगभग 39,500 सफाईकर्मियों की व्यवस्था की जा रही है। फल्गु नदी की सफाई के लिए विशेष Trash Cleaning Boat का उपयोग होगा। इसके अतिरिक्त 9 प्रमुख तालाबों और घाटों की सफाई दो पालियों में की जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए वॉटर एटीएम और टैंकरों की व्यवस्था की जा रही है। पानी की गुणवत्ता की नियमित लैब जांच के निर्देश दिए गए हैं तथा डुप्लीकेट बोतलबंद पानी बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेले में आने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए उन्हें 'Unique QR Based Wrist Band' पहनाया जाएगा, जो उनके अभिभावकों के मोबाइल नंबर से लिंक रहेगा। इससे गुमशुदा बच्चों को तेजी से तलाशने में मदद मिलेगी
श्रद्धालुओं की त्वरित सहायता के लिए पितृपक्ष मेला हेल्पलाइन नंबर 9266628168 जारी किया गया है। मेला क्षेत्र में 'May I Help You' काउंटर, CCTV कैमरों से निगरानी, 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम और 112 आपातकालीन सेवा की व्यवस्था रहेगी।
पूरे मेला क्षेत्र को आकर्षक बनाने के लिए पोलों पर तिरंगा लाइटें लगाई जा रही हैं। स्ट्रीट लाइट, ट्रांसफॉर्मर और हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।
बैठक में वजीरगंज, गुरुआ, अतरी और बेलागंज के माननीय विधायकों, नगर निगम के महापौर, नगर परिषद के सभापति, पंडा-पुरोहित समाज और स्थानीय समाजसेवियों ने भी मेले को सुगम बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि तैयारियों को युद्धस्तर पर पूर्ण कर श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान किया जाएगा।

Post a Comment