झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीय कृत जमा दो उच्च विद्यालय एवं प्रखंड कार्यालय की बाउंड्री के बीच से गुजरने वाली सड़क इन दिनों पूरी तरह दलदल में तब्दील हो गई है। यही सड़क कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय तथा सरकारी राशन गोदाम तक जाती है, लेकिन बारिश के कारण सड़क पर घुटने भर पानी और कीचड़ जमा होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
हालात ऐसे हैं कि इस सड़क पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। प्रतिदिन इसी रास्ते से विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राएं कीचड़ और जलजमाव के बीच गुजरने को मजबूर हैं। कई बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे उनकी स्कूल ड्रेस गीली और कीचड़ से सनी हुई घर लौटती है। बुजुर्गों के लिए भी यह रास्ता दुर्घटना का कारण बन चुका है और कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले वर्ष भी बारिश के दौरान सरकारी राशन लेकर गोदाम पहुंचा एक ट्रक कई दिनों तक इसी सड़क में फंसा रहा था। इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत या जलनिकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। इस वर्ष भी स्थिति पहले से अधिक भयावह हो गई है, लेकिन न तो जनप्रतिनिधियों ने और न ही संबंधित विभाग के अधिकारियों ने इस ओर गंभीरता दिखाई है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि यह सड़क प्रखंड कार्यालय की बाउंड्री से सटी हुई है। यानी प्रशासन की नजर के सामने ही विकास की तस्वीर बदहाल पड़ी है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब प्रखंड मुख्यालय की गोद में स्थित सड़क की यह दुर्दशा है, तो दूर-दराज के गांवों और पंचायतों में विकास कार्यों की स्थिति कैसी होगी।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था तथा आवागमन सुचारु कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

Post a Comment