महराजगंज। पुलिस लाइन महराजगंज में स्टोर कार्यालय प्रभारी स्वर्गीय उपनिरीक्षक ए.पी. श्री रंगीलाल के आकस्मिक निधन पर शुक्रवार को शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में अपर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय रंगीलाल के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं तथा उनके उत्कृष्ट सेवाकाल को याद किया। सभा में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि रंगीलाल अपने कर्तव्य के प्रति सदैव समर्पित रहे और उन्होंने विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ किया।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। श्रद्धांजलि सभा का माहौल अत्यंत भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय रंगीलाल के साथ बिताए गए कार्यकाल एवं उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगी व्यक्तित्व को याद किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि स्वर्गीय रंगीलाल का निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके द्वारा दी गई सेवाएं और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।
शोक सभा के समापन पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि विभाग उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगा।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment