संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP:- गयाजी 27/5/2026 आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आज पुलिस लाइन कैंपस में जनपद पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के प्रमुख चिन्हित स्थानों पर तैनात किए गए सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों को विधि व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने सभी जिलावासियों को बकरीद की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर कड़ा पहरा, अफवाह फैलाने वालों पर होगी FIR बैठक में डीएम और एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के विवादित या अफवाह फैलाने वाले संदेशों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
साइबर सेल और साइबर सेनानी हर एक प्लेटफॉर्म पर पैनी नजर रख रहे हैं। किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीधे नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और 24 घंटे निगरानी
जिला स्तर से लेकर अनुमंडल और प्रखंड स्तर तक सुरक्षा की गहन समीक्षा की जा रही है।
फ्लैग मार्च नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थलों पर अनिवार्य रूप से फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया है। गश्ती और सीसीटीवी मोटरसाइकिल गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेंगे। धार्मिक स्थलों के पास देर रात और अलसुबह विशेष चेकिंग अभियान रोको-टोको अभियान चलाया जाएगा ताकि कोई असामाजिक तत्व माहौल खराब न कर सके। सभी धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने को कहा गया है। सुबह 4 बजे से सफाई और पानी की व्यवस्था, बनेगा माइक्रोप्लान गर्मी को देखते हुए पेयजल और साफ-सफाई पर विशेष फोकस किया गया है। गया नगर निगम क्षेत्र के कुल 22 वार्डों को इसके लिए चिन्हित कर एक 'माइक्रोप्लान' तैयार किया गया है।
बकरीद के दिन सुबह 4:00 बजे से ही पानी की निरंतर सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। गांधी मैदान में नमाज को देखते हुए स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव होगा। आवश्यकता पड़ने पर PHED से भी मदद ली जाएगी।
कुर्बानी के बाद वेस्ट मटेरियल के उठाव के लिए पर्याप्त संख्या में ढकी हुई गाड़ियां कवर गाड़ी सुबह 4:00 बजे से ही सड़कों और मोहल्लों में तैनात रहेंगी। इन कचरों को नैली डंपिंग यार्ड में विशेष रूप से बनाए गए गड्ढों में डिस्पोज किया जाएगा।
अधिकारियों की मुस्तैदी: सभी सफाई कर्मी सुबह 4:00 बजे और सभी मजिस्ट्रेट सुबह 5:00 बजे से अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में मुस्तैद रहेंगे। कंट्रोल रूम से होगी सीधी मॉनिटरिंग समाहारणालय में स्थापित जिला कंट्रोल रूम की कमान वरीय उप समाहर्ता नैना झा को सौंपी गई है। कंट्रोल रूम सुबह 4:00 बजे से ही फील्ड में तैनात अधिकारियों की उपस्थिति की जांच करेगा और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत वरीय अधिकारियों को देगा। सभी मजिस्ट्रेटों को आज ही अपने साथी पुलिस अधिकारियों के साथ संबंधित क्षेत्रों का दौरा कर आसूचना इंटेलिजेंस इकट्ठा करने का निर्देश दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता राजस्व /आपदा अनुमंडल पदाधिकारी सदर सहित जिले के तमाम वरीय पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी व्यक्तिगत रूप से और प्रखंडों के बीडीओ, सीओ व थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

Post a Comment