⚡ ब्रेकिंग News

भिटौली के लक्ष्मीपुर देउरवा टोला पिपरिया में सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य।




महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवा टोला पिपरिया में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक युवक का शव पुलिया के नीचे पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर देउरवा गांव निवासी हकामुद्दीन (35) रविवार रात करीब 10 बजे के बाद से घर से लापता था। बताया जा रहा है कि रात में भोजन करने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। परिजनों को लगा कि वह गांव या आसपास कहीं गया होगा और थोड़ी देर में वापस लौट आएगा, लेकिन देर रात तक उसके घर न पहुंचने पर चिंता बढ़ने लगी।

सोमवार सुबह लगभग 5 बजे जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी लक्ष्मीपुर देउरवा से कमता बुजुर्ग मार्ग पर पिपरिया के समीप स्थित पुलिया के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। करीब जाकर देखने पर उसकी पहचान हकामुद्दीन के रूप में हुई। सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और दहाड़ मारकर रोने लगे।

ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर ग्राम प्रधान ने स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए।

परिजनों के अनुसार मृतक के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता की मृत्यु करीब आठ वर्ष पहले हो चुकी है। वह दो भाइयों में बड़ा था। मृतक अपने पीछे पत्नी सरवर जहां और तीन छोटी-छोटी बेटियों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी सरवर जहां रो-रोकर बार-बार अपने पति की हत्या किए जाने की बात कह रही थी।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

      प्रभारी महराजगंज

          कैलाश सिंह।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...