झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कांडी प्रखंड अंतर्गत भंडरिया में भीम बराज से मुख्य सड़क स्थित विद्यालय तक तथा धुरूआ, पतीला मोड़ से मझिगांवा होते हुए कोरगांई मुख्य पथ तक बरसात के दिनों में आवागमन की गंभीर समस्या को लेकर विधायक नरेश प्रसाद सिंह स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित मार्गों का स्थल निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बरसात के दौरान सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों एवं आम लोगों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह कीचड़ और जलजमाव से प्रभावित हो जाती है, जिससे आवागमन लगभग बाधित हो जाता है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने आश्वस्त किया कि इन सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कराया जाएगा, ताकि बरसात के मौसम में भी लोगों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि "जनता की सुविधा ही मेरी राजनीति का मूल उद्देश्य है। क्षेत्र का कोई भी गांव विकास से वंचित नहीं रहेगा। सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता ने जो विश्वास और स्नेह मुझे दिया है, उसे विकास कार्यों के माध्यम से निभाना मेरा दायित्व है।
हर गांव तक विकास पहुंचे, यही मेरा संकल्प है और इसी संकल्प के साथ निरंतर कार्य करता रहूंगा।"
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, बेहतर सड़क व्यवस्था और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पहले भी थी, आज भी है और आगे भी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ बनी रहेगी। जनता की हर समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

Post a Comment