⚡ ब्रेकिंग News

टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा, लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के दिए निर्देश.





मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।



औरंगाबाद।आज दिनांक 16 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।समीक्षा के दौरान बताया गया कि निक्षय एनरोलमेंट के अंतर्गत जिले का लक्ष्य 6,43,143 व्यक्तियों का है, जिसके विरुद्ध अब तक 2,65,733 व्यक्तियों का निक्षय पोर्टल पर पंजीकरण किया गया है, जो कुल लक्ष्य का 41 प्रतिशत है। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों में अभियान को और गति प्रदान करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया।


बैठक में एक्स-रे जांच की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि निक्षय पोर्टल पर पंजीकृत 2,65,733 व्यक्तियों के विरुद्ध अब तक 15,478 एक्स-रे जांच कराई गई है, जो कुल लक्ष्य का 6 प्रतिशत है। जिला पदाधिकारी ने संभावित टीबी रोगियों की समयबद्ध पहचान सुनिश्चित करने हेतु एक्स-रे जांच में उल्लेखनीय वृद्धि लाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।एनएएटी (NAAT) जांच की समीक्षा में बताया गया कि निर्धारित 900 जांचों के लक्ष्य के विरुद्ध 872 जांचें पूर्ण की जा चुकी हैं, जो 97 प्रतिशत उपलब्धि है। जिला पदाधिकारी ने शेष जांचों को भी शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।


बैठक में डिफरेंशिएटेड टीबी केयर की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में कुल 1,957 टीबी रोगियों में से 1,304 रोगियों को डिफरेंशिएटेड टीबी केयर उपलब्ध कराया गया है, जबकि 653 रोगियों को यह सुविधा उपलब्ध कराया जाना शेष है। जिला पदाधिकारी ने शेष रोगियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।इसके अतिरिक्त निक्षय पोषण योजना (NPY) की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 01 जनवरी 2025 से अब तक कुल 3,390 टीबी मरीजों में से 1,502 मरीजों को योजना का लाभ प्रदान किया गया है, जबकि 1,888 मरीज लाभ से अभी वंचित हैं। जिला पदाधिकारी ने लंबित लाभुकों को शीघ्र योजना से आच्छादित करते हुए भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।


जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंडों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को अभियान के प्रत्येक घटक की नियमित समीक्षा करते हुए लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने, संभावित टीबी रोगियों की शीघ्र पहचान, जांच, उपचार एवं पोषण सहायता उपलब्ध कराने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।


बैठक में सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य), जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...