संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP :-गयाजी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर शेरघाटी थाना क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक हाईवा ट्रक से 209.4 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में ट्रक और तीन मोबाइल फोन के साथ दो अंतरजिला तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। गुप्त सूचना पर हुआ टीम का गठन जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 /5/2026 को शेरघाटी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक सफेद रंग के हाईवा ट्रक में मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप गया की तरफ लाई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) शेरघाटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें शेरघाटी थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल शामिल थे।
घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जी.टी. रोड पर ग्राम गोपालपुर के समीप स्थित होटल ब्लेशिंग के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे संदिग्ध सफेद हाईवा ट्रक को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उसका चालक और उप-चालक गाड़ी छोड़कर भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद सशस्त्र बलों ने खदेड़कर दोनों को ट्रक समेत दबोच लिया।
हाईड्रोलिक तहखाने में छिपाकर रखा था गांजा
जब पुलिस ने पकड़े गए हाईवा ट्रक निबंधन संख्या JH02AX0024 की गहन तलाशी ली, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए ट्रक के डाले बॉडी के नीचे नट-बोल्ट के सहारे एक विशेष गुप्त तहखाना बना रखा था। पुलिस ने जब इसे हाइड्रोलिक की मदद से ऊपर उठाकर खोला, तो उसमें काले रंग की प्लास्टिक से ढके हुए 8 बोरों में पैक किया हुआ 209.4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान।
पिंटु कुमार (पिता -भुटुर सिंह) – निवासी रूपसागर, थाना-नवानगर, जिला-बक्सर।
पंकज कुमार (पिता -छोटन तिवारी) – निवासी- मनोहरपुर मालियाबाग, थाना: दिनारा, जिला: रोहतास।
बरामदगी की सूची-
अवैध गांजा- 209.4 किलोग्राम
हाईवा ट्रक-01 (JH02AX0024)
मोबाइल फोन: 03
इस संबंध में शेरघाटी थाना में कांड संख्या 208/26 (दिनांक 17/05/ 2026 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज (यह खेप कहाँ से आई और कहाँ जानी थी) का पता लगाने में जुटी है।

Post a Comment