⚡ ब्रेकिंग News

मौत बनकर दौड़ी रफ्तार! दो बाइकों की हुई आमने-सामने भिड़ंत में तीन की दर्दनाक मौत.




महराजगंज। जनपद में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर तीन जिंदगियां निगल गया। घुघली-शिकारपुर मार्ग पर बरवा खुर्द गांव के पास बुधवार की रात करीब 10 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार गूंज उठी।

मिली जानकारी के अनुसार, महेशपुर कबेलवा निवासी रामरतन (35) अपनी पत्नी यशोदा (32) को बाइक से लेकर कुशीनगर से घुघली की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार अकबरपुर, पडरौना निवासी दुर्गेश (30) और घुघली थाना क्षेत्र के रानीपुर मझौआ निवासी राहुल यादव (22) शिकारपुर की ओर जा रहे थे। बरवा खुर्द गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

 *सड़क पर तड़पते रहे घायल, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल* 

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। सड़क पर गंभीर रूप से घायल लोगों को देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल घुघली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया।

जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. श्वेतांशु शाही ने जांच के बाद रामरतन और राहुल यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल यशोदा की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार दुर्गेश का भी उपचार चल रहा था, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद करीब दस मिनट बाद उसने भी दम तोड़ दिया।

 *तीन मौतों से उजड़ गए परिवार, फिर उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल* 

एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिस परिवार में कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या चल रही थी, वहां अचानक मातम छा गया। हादसे ने एक बार फिर दोपहिया वाहनों की सुरक्षा, तेज रफ्तार और सड़क पर सावधानी बरतने की जरूरत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

         प्रभारी महराजगंज 

             कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...