⚡ ब्रेकिंग News

विधान पार्षद के अध्यक्षता में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के अभियान का किया गया शुभारंभ.

 




मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।




औरंगाबाद। आज दिनांक 17 सितंबर 2026 को समाहरणालय स्थित योजना भवन सभागार में विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।


बैठक में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में दिनांक 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का संचालन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।


उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न प्रकार की स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत कचरे के ढेर वाले स्थलों को चिह्नित कर विशेष साफ-सफाई कराना, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करना, स्कूली बच्चों के साथ स्वच्छता पाठशाला का आयोजन, सफाई मित्रों के लिए सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन, पर्यटन स्थलों की विशेष साफ-सफाई तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

इसके साथ ही ‘स्वच्छता से समृद्धि’ से संबंधित गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता को आजीविका एवं सामुदायिक विकास से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। अभियान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों, स्वयं सहायता समूहों, जीविका दीदियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के निर्धारित कार्यक्रमों का ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अभियान की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।


 विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता प्रत्येक व्यक्ति के जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। स्वच्छ वातावरण का निर्माण केवल किसी एक विभाग अथवा संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसे जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। 

उन्होंने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सभी संबंधित विभागों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इसे सफल बनाने की अपील की।


बैठक में अभियान के दौरान संचालित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों, ग्राम पंचायत स्तर पर समन्वय, स्वच्छता संबंधी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिए गए। कार्यक्रम के अंत में निदेशक , जिला ग्रामीण विकास अभिकरण अनुपम कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।


इस अवसर पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन उपेंद्र पंडित, जिला पंचायत राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस)  विनीता कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका, जिला समन्वयक, सभी प्रखंड समन्वयक, सभी स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...