झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा की गई लाठीचार्ज की कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को भाजपा के आह्वान पर कांडी एवं हरिहरपुर मंडल में बंद का असर देखने को मिला। कांडी मंडल एवं हरिहरपुर मंडल भाजपा के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने बंद को सफल बनाने के लिए क्षेत्र में सक्रिय होकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई पर कड़ा आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अपने अधिकार और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को दबाने के बजाय सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड में छात्र आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है और 10 अगस्त को छात्रों ने विधानसभा घेराव का प्रयास किया था, जिसके दौरान पुलिस कार्रवाई की खबर सामने आई।
कांडी मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे ने कहा कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। वहीं मंडल महामंत्री संतोष सिंह ने कहा कि भाजपा युवाओं के साथ खड़ी है और उनके न्याय की लड़ाई को मजबूती से उठाती रहेगी।
इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे, दक्षिणी जिला परिषद सदस्य सुजीत बैठा, विजय बैठा, दया शंकर, चंदन कुमार, दीपु शर्मा, रणजीत कुमार सहित कांडी एवं हरिहरपुर मंडल के बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि बंद का उद्देश्य आम लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि सरकार का ध्यान छात्रों की समस्याओं और उनके साथ हुई पुलिस कार्रवाई की ओर आकृष्ट कराना है। नेताओं ने कहा कि सरकार को आंदोलनरत छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए, ताकि प्रदेश के युवाओं में बढ़ता आक्रोश समाप्त हो सके।


Post a Comment