झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास योजना के तहत सरकारी राशि प्राप्त करने के बाद भी लंबे समय से आवास निर्माण नहीं कराने वाले कांडी प्रखंड के 281 लाभुकों के विरुद्ध नीलाम पत्र वाद दायर करने की कार्रवाई शुरू की गई है। इन लाभुकों के आवास निर्माण में छह माह से लेकर एक वर्ष से अधिक समय से प्रगति नहीं होने को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने बताया कि सरकारी राशि प्राप्त करने के बावजूद कई लाभुक आवास निर्माण में रुचि नहीं ले रहे हैं। ऐसे लाभुकों को पूर्व में कई बार नोटिस देकर आवास निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर अब नीलाम पत्र वाद दायर करने की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि कई लाभुकों को थाना के माध्यम से भी नोटिस देकर चेतावनी दी गई थी कि सरकारी राशि प्राप्त करने के बाद आवास निर्माण नहीं करने की स्थिति में उनके विरुद्ध प्राथमिकी समेत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसके बावजूद कई लाभुकों द्वारा आवास निर्माण को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई।
उन्होंने कहा कि सरकारी राशि प्राप्त करने के बाद भी लंबे समय तक आवास नहीं बनाने वाले लाभुकों के खिलाफ अब नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में 281 लाभुकों के विरुद्ध नीलाम पत्र वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
प्रशासन के अनुसार, लाभुकों को पहले समझाने, नोटिस देने और आवास निर्माण के लिए प्रेरित करने की कार्रवाई की गई। इसके बाद भी निर्माण कार्य लंबित रहने पर अब राशि की वसूली के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

Post a Comment