⚡ ब्रेकिंग News

कुशवाहा नगर में जिले के प्रथम शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ जिला पदाधिकारी के द्वारा फीता काट कर किया.




औरंगाबाद।आज दिनांक 29/07/ 2026 को राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत नगर परिषद औरंगाबाद क्षेत्र के कुशवाहा नगर में राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार के निर्देशानुसार जिले के प्रथम शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य उप केंद्र) का उद्घाटन जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष उदय गुप्ता, रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन  सतीश कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।



उद्घाटन उपरांत जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभ एवं प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना की जा रही है। इसी क्रम में औरंगाबाद जिले के स्थानीय निकाय क्षेत्र में प्रथम शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का संचालन प्रारंभ किया गया है।उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से विशेष रूप से मलिन बस्तियों एवं आर्थिक रूप से कमजोर शहरी परिवारों को उनके आवास के निकट गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।सिविल सर्जन, औरंगाबाद, डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के दौरान जिले के शहरी क्षेत्र में दो शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। इनमें से एक केंद्र का शुभारंभ आज किया गया है, जबकि दूसरे केंद्र का संचालन भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) मो. अनवर आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्देश्य शहरी क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर मलिन बस्तियों में निवासरत परिवारों को समग्र एवं निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। केंद्र पर बाह्य रोगी सेवा (ओपीडी), गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण, किट आधारित जांच, नियमित टीकाकरण, संचारी एवं गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं पहचान तथा परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र पर प्रदान की जाने वाली सभी स्वास्थ्य सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क होंगी।


कार्यक्रम के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर डॉ. नकीब, सदर प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्याम कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) श्री नागेंद्र कुमार केसरी, स्वास्थ्य प्रबंधक मो. शाहीन अख्तर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...