⚡ ब्रेकिंग News

जिलाधिकारी ने देवकुंड में श्रावणी मेला की तैयारियों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश.

 




मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।




औरंगाबाद। आज दिनांक 18/07/2026 आगामी श्रावण मास में गोह प्रखंड स्थित देवकुंड में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिलाधिकारी औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) द्वारा देवकुंड क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा मेला की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रावणी मेला के दौरान आने वाले सभी श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ समय रहते पूर्ण कर ली जाएँ। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन हेतु पर्याप्त एवं सुदृढ़ बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए तथा प्रवेश एवं निकास (Entry-Exit) मार्गों को स्पष्ट रूप से चिह्नित (Demarcated) किया जाए, ताकि भीड़ प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जा सके। साथ ही पार्किंग स्थल भी चिन्हित करने को निर्देशित किया गया।


जिलाधिकारी ने रात्रि के समय श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (Lighting) सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुरूप पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट्स) की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। जिससे विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।


निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने देवकुंड तक जाने वाले संपर्क मार्गों का भी अवलोकन किया तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यकतानुसार सड़क की मरम्मत एवं संधारण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।


जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रावणी मेला के दौरान विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करते हुए सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण करने तथा मेला अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।


निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर  अमित राजन, बीडीओ गोह एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...