झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर प्रखंड प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को प्रखंड कार्यालय कांडी के सभागार में बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी राकेश सहाय ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 की भूमिका मतदाता सूची के पुनरीक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनकी सक्रिय भागीदारी से ही निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूती मिलती है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने, दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, झामुमो, राजद, आम आदमी पार्टी, बसपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग देने का भरोसा जताया।
बीडीओ राकेश सहाय ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है। इसमें राजनीतिक दलों और उनके प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सभी दलों से निर्वाचन प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

Post a Comment