महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा ग्राम पंचायत अंतर्गत करमहिया टोला में रविवार सुबह 15 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार करमहिया टोला निवासी चंद्रशेखर चौधरी की पुत्री आंचल चौधरी (15) कक्षा नौ की छात्रा थी। रविवार सुबह उसके माता-पिता धान की रोपाई के लिए खेत पर गए हुए थे, जबकि आंचल घर पर अकेली थी। बताया जाता है कि वह घर में खाना बना रही थी। सुबह करीब सात बजे पड़ोस की एक बच्ची सामान लेने के लिए उसके घर पहुंची, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो बच्ची छत के रास्ते घर के अंदर पहुंची। वहां आंचल चारपाई पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली।
बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और परिजनों को सूचना दी गई। खेत से लौटे परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। परिजनों का कहना है कि किशोरी के गले पर तार या किसी अन्य वस्तु से कसाव जैसे निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष भिटौली सत्येंद्र कुमार राय, एसएसआई प्रवीण सिंह तथा चौकी प्रभारी यदुवीर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मृतका के परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक ने किशोरी का एक वीडियो बना रखा था और लंबे समय से उससे बातचीत करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि युवक वीडियो वायरल करने की धमकी देता था, जिसके कारण किशोरी मानसिक तनाव में रह रही थी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
*सवालों के घेरे में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार*
किशोरी की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत—इसका जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment