झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र के मुख्य बाजार में जाम लगना अब आम बात हो गई है। मंगलवार की दोपहर कांडी मुख्य सड़क पर राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा रहा है । स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कोई भी वाहन आगे-पीछे नहीं हो पा रहा था। हालांकि यह समस्या केवल मंगलवार तक सीमित नहीं है, बल्कि आए दिन बाजार क्षेत्र में इसी तरह की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कांडी मुख्य बाजार में दुकानदारों द्वारा सड़क के दोनों ओर दुकानें फैलाकर लगाने से सड़क संकरी हो गई है, जिससे जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
वहीं भवनाथपुर की ओर जाने वाली सड़क पर ठेला-खोमचा लगाने वाले सब्जी एवं अन्य सामान विक्रेताओं द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर लेने से आवागमन और भी बाधित हो जाता है।यदि राहगीर समस्या का विरोध किया जाता है तो दुकानदारों द्वारा नोंक-झोंक भी करना पड़ता है, इसके कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि प्रशासन द्वारा कई बार अतिक्रमण हटाने को लेकर नोटिस भी जारी किया गया है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नियमित कार्रवाई कर बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण भी समस्या और बढ़ जाती है। ग्राहक अपने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर देते हैं, जिससे रास्ता और संकरा हो जाता है।
राहगीरों ने बताया कि स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को इस जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी होती है।
कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो जाती है। यदि प्रशासन सख्ती से अतिक्रमण हटाए और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करे तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
साथ ही बाजार क्षेत्र में नो-पार्किंग जोन निर्धारित करने से भी कुछ हद तक जाम को रोका जा सकता है।
यदि प्रशासन के द्वारा जल्द ठोस कदम उठाया जाए तो समस्या का स्थायी समाधान बेहद जरूरी है।

Post a Comment