⚡ ब्रेकिंग News

दहशत की दस्तक: महाराजगंज में तेंदुए का हमला, सुबह की सैर बनी खौफनाक—तीन लोग गंभीर घायल।



महराजगंज:-बुधवार सुबह जिले के लक्ष्मीपुर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल किनारे टहलने निकले तीन लोगों पर अचानक एक खूंखार तेंदुए ने हमला कर दिया। यह सनसनीखेज घटना सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर वन रेंज अंतर्गत अचलगढ़ वनटांगिया गांव के पास की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरलीधर (60), नीरज (16) और ईशा (19) रोज की तरह सुबह सैर पर निकले थे। आसपास घना जंगल और झाड़ियां होने के कारण उन्हें जरा भी अंदेशा नहीं था कि मौत झाड़ियों में घात लगाए बैठी है। अचानक झाड़ियों से निकले तेंदुए ने तीनों पर एक के बाद एक झपट्टा मार दिया। हमला इतना तेज और अप्रत्याशित था कि तीनों संभल नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और किसी तरह तेंदुए को खदेड़ा। आनन-फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल महाराजगंज रेफर कर दिया। फिलहाल तीनों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुबह-शाम घरों से निकलना तक बंद कर दिया है। बच्चों और महिलाओं को घरों में ही रहने की सलाह दी जा रही है। लोगों का कहना है कि जंगल से निकलकर जंगली जानवर अब आबादी की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे खतरा लगातार बढ़ रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर तेंदुए की तलाश में जुट गई है और इलाके में पिंजरे लगाने की तैयारी की जा रही है।

 *प्रशासन अलर्ट:* 

वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और सतर्क रहें।

      प्रभारी महराजगंज 

         कैलाश सिंह।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...