ATHNEWS 11 :-राजधानी पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है। कदमकुआं थाने के अपर थानाध्यक्ष अर्जुन यादव को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 7 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दारोगा जी एक बेगुनाह को केस में फंसाने का डर दिखाकर पैसों की उगाही कर रहे थे।
पटना का कदमकुआं इलाका आज उस वक्त चर्चा में आ गया जब निगरानी विभाग की टीम ने जस्टिस राज किशोर पथ स्थित बुद्ध मूर्ति के पास जाल बिछाकर अपर थानाध्यक्ष अर्जुन यादव को दबोच लिया। जानकारी के मुताबिक, अर्जुन यादव एक व्यक्ति को केस में नामजद करने और फंसाने की धमकी दे रहे थे और इसके एवज में रिश्वत की मांग की गई थी।
पीड़ित की शिकायत पर निगरानी ब्यूरो ने पहले मामले का सत्यापन किया और फिर कार्रवाई के लिए जाल बिछाया। जैसे ही दारोगा ने रिश्वत की रकम यानी 7,000 रुपये हाथ में लिए, पहले से मुस्तैद निगरानी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी दारोगा को ब्यूरो मुख्यालय ले जाया गया है, जहां पूछताछ के बाद उन्हें विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस विभाग के आला अधिकारी इस मामले की जांच की बात कह रहे हैं, लेकिन सरेआम एक थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी ने खाकी की छवि पर सवालिया निशान जरूर लगा दिया है।

Post a Comment