⚡ ब्रेकिंग News

तिलक,आरती और माल्यार्पण कर किया गया भव्य स्वागत आखिर किसका? आइए जानते हैं खबर के माध्यम से ।

 गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।



एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बलियारी गांव में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में शामिल होने से पूर्व अयोध्या धाम स्थित विद्या कुंड के सिद्ध पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 श्री महामंडलेश्वर महंत प्रेम शंकर दास जी महाराज शनिवार 18 अप्रैल को प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ पहुंचे। उनके आगमन पर तीर्थ परिसर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष सह विश्रामपुर के विधायक नरेश प्रसाद सिंह, समिति के सचिव ज्योतिर्विद पंडित मुरलीधर मिश्र तथा अन्य सदस्यों ने महामंडलेश्वर जी महाराज का पदप्रक्षालन, तिलक, आरती और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर जी महाराज ने कहा कि सतबहिनी झरना तीर्थ भगवती का अत्यंत विलक्षण, प्राचीन और दिव्य स्थल है। यहां पहुंचने पर एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है, जिसे साधक और भगवान श्रीराम के भक्त भी अनुभव करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थान धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके संरक्षण, विकास और व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि यदि इस स्थल का समुचित प्रचार किया जाए तो देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंच सकते हैं। इससे क्षेत्र की पहचान बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों से मिलकर तीर्थ के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समिति के अध्यक्ष सह विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि सतबहिनी झरना तीर्थ के सर्वांगीण विकास के लिए सरकारी स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कई योजनाओं की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिनका परिणाम जल्द ही धरातल पर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि यह स्थल आने वाले समय में झारखंड-बिहार व देश का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र बनेगा।

ज्ञात हो कि महामंडलेश्वर जी महाराज सतबहिनी झरना तीर्थ विकास समिति के अति विशिष्ट स्थायी सदस्य हैं तथा प्रतिवर्ष माघ पूर्णिमा से आयोजित होने वाले मानस महायज्ञ के स्थायी यज्ञाध्यक्ष भी हैं। वे लंबे समय से इस तीर्थ के विकास के लिए मार्गदर्शन देते रहे हैं।

महाराज जी ने रात्रि विश्राम भी सतबहिनी झरना तीर्थ में ही किया। रविवार सुबह पूजा-अर्चना के बाद बलियारी यज्ञ समिति के दर्जनभर सदस्य तीर्थ स्थल पहुंचे और उन्हें श्रद्धापूर्वक आमंत्रित कर साथ लेकर महायज्ञ स्थल रवाना हुए।

अत्यधिक धूप और लू को देखते हुए श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में प्रवचन कार्यक्रम रविवार संध्या 5 बजे से प्रारंभ होगा।

इस दौरान संत हरिदास जी महाराज, कोषाध्यक्ष विभूति नारायण दुबे, नवल किशोर तिवारी, सुदर्शन तिवारी, सुखदेव साह, अखिलेश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य उपस्थित।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...