महराजगंज:- जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम पिटाई कर हत्या कर दिए जाने से इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त को भी हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, फरेंदा थाना क्षेत्र के पिपरा खल्ली गांव में शनिवार सुबह करीब 11 बजे पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के बरगदवा निवासी अकबर अली के पुत्र अमजद अली, जो अंडा और मीट विक्रेता थे, को युवराज चौधरी अपने साथ घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद देर रात करीब 11 बजे परिजनों को सूचना मिली कि अटकहवा नहर के पास कुछ लोग अमजद की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां अमजद अली अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े थे, जबकि उनके साथ गया युवराज चौधरी गंभीर रूप से घायल मिला। परिजन तुरंत दोनों को बनकटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां डॉक्टरों ने अमजद अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवराज का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का टूटा हुआ मोबाइल फोन और चप्पल भी बरामद किया है, जो घटना की गंभीरता को दर्शाता है।
मृतक के पिता की तहरीर पर तीन नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच जारी है।
थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य कारणों—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
*इलाके में दहशत, पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव*
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह।

Post a Comment