महराजगंज:- जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक टूरिस्ट बस से सात नेपाली महिलाओं को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं और अफवाहों का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे कोल्हुई चौराहे पर बृजमनगंज पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नेपाल के काठमांडू से नई दिल्ली जा रही एक टूरिस्ट बस को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान बस में सवार सात नेपाली महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं।
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में महिलाएं संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं, जिसके बाद उन्हें बस से उतारकर बृजमनगंज थाने लाया गया। वहां उनके दस्तावेजों की गहन जांच के साथ-साथ विस्तृत पूछताछ जारी है।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि संदेह के आधार पर महिलाओं को हिरासत में लिया गया है और उनके यात्रा संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं और कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर से जुड़ा मामला मान रहे हैं, हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
*पुलिस की सख्ती से बढ़ी सतर्कता*
इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और अधिक सतर्क हो गई है। आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच जारी है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह।

Post a Comment