गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीय कृत +2 उच्च विद्यालय कांडी के शैक्षणिक वातावरण में मंगलवार को नया उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के नवनियुक्त प्रभारी प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह ने आधिकारिक तौर पर अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस विशेष अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रधानाध्यापक को फूल-माला पहनाई और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। संगठन की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की तस्वीर भेंट की गई। मौके पर उपस्थित अभाविप के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रिंस कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की प्रगति उसके कुशल नेतृत्व पर निर्भर करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि मलय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में विद्यालय न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा, बल्कि अनुशासन और नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में भी जिले में अपनी अलग पहचान बनाएगा। नवनियुक्त प्रभारी प्रधानाध्यापक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में पठन-पाठन की गुणवत्ता और अनुशासन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। समारोह में मुख्य रूप से नगर मंत्री लक्की चंद्रवंशी, नगर अध्यक्ष उदय पासवान, सेवानिवृत्त शिक्षक दुर्गेश दुबे सहित विद्यालय के तमाम शिक्षक, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित थे। पूरा विद्यालय परिसर इस दौरान उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा।

Post a Comment