महराजगंज-श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव महुआ के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धरमौली निवासी इजहार उर्फ भोलू (24) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने अटकहवा स्थित एक बगीचे में महुआ के पेड़ से युवक का शव फंदे से लटका देखा। यह देख लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परतावल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मृतक इजहार करीब तीन साल तक विदेश में रहने के बाद कुछ समय पहले ही अपने घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक कुछ महीने पहले उसका सड़क दुर्घटना में एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। इजहार अपने छह भाइयों में चौथे नंबर पर था।
परिजनों ने बताया कि सोमवार भोर में वह सेहरी करने के बाद घर से बाहर निकला था। इसके कुछ देर बाद ही गांव के बाहर अटकहवा बगीचे में उसका शव महुआ के पेड़ से लटका हुआ मिला। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
इस संबंध में चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment