⚡ ब्रेकिंग News

शराब पार्टी बनी मौत कारण: दोस्तों ने युवक को पीट-पीटकर दिया मार, शव हाईवे पर फेंका।

 



महराजगंज:-जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब पार्टी के बहाने घर से बुलाए गए युवक की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को हाईवे किनारे फेंक दिया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना सोमवार देर रात की है। फरेंदा थाना अंतर्गत मथुरानगर टोला फुलवरिया निवासी अरविंद चौधरी को उसके दोस्त शाम के समय घर से बुलाकर ले गए थे। बताया जा रहा है कि अरविंद को शराब पीने का शौक था और वह अक्सर अपने दोस्तों के साथ हाईवे किनारे चौराहे पर जाता था ।

 हाईवे पर मिला खून से लथपथ शव----

देर रात करीब 1 बजे परिजनों को सूचना मिली कि अरविंद छतरी चौराहा (पूर्वी बाईपास) के पास ओवरब्रिज के नजदीक गंभीर हालत में पड़ा है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उसके शरीर पर गहरे चोट के निशान थे, हाथ-पैर टूटे हुए थे और वह लहूलुहान हालत में पड़ा था।

आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उसे बनकटी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप---

मृतक के पिता इंद्रसेन ने आरोप लगाया है कि अरविंद की कुछ युवकों से पुरानी रंजिश थी, इसी के चलते साजिश के तहत उसे बुलाकर बेरहमी से हत्या की गई।

 पुलिस जांच में जुटी, दो आरोपी हिरासत में---

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली।

फरेंदा थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया कि मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

 जनप्रतिनिधि पहुंचे, परिवार में मचा कोहराम--

घटना की जानकारी मिलते ही फरेंदा विधायक वीरेन्द्र चौधरी भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और हर संभव मदद का भरोसा दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में दहशत व आक्रोश का माहौल है।

       प्रभारी महराजगंज 

         कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...