महराजगंज,18 मार्च 2026।उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मथुरानगर टोला फुलवरिया गांव निवासी युवक अरविन्द की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार की देर रात गांव के ही कुछ युवक अरविन्द के घर पहुंचे और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल अरविन्द को हमलावर हाईवे किनारे फेंककर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों को कानून का कोई डर नहीं है। उनका कहना है कि बेटे की हत्या के बाद भी हमलावरों ने खुद फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment