गाजियाबाद से ATN NEWS 11 के लिए डॉ अमित श्रीवास्तव की रिपोर्ट.
ATN NEWS 11 - गाजियाबाद के साहिबाबाद से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कार लोन के लिए बैंक वेरिफिकेशन से पिता के इनकार पर बेटी इतनी भड़क गई कि उसने पिता पर ही पिस्टल तान दी।
मामला 8 सितंबर को वृंदावन गार्डन कॉलोनी का है। बताया जा रहा है कि बेटी प्रियंका कार लोन लेना चाहती थी, जिसके लिए बैंक वेरिफिकेशन जरूरी था। पिता ने वेरिफिकेशन कराने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर बेटी ने अपनी सहेली के साथ मिलकर अपने पिता और भाभी पर कथित तौर पर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी दे डाली।
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में बेटी हाथ में पिस्टल जैसी चीज लिए धमकाती नजर आ रही है।
पीड़ित पिता ने 9 सितंबर को साहिबाबाद थाने में बेटी प्रियंका और उसकी सहेली के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। ACP साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस CCTV के आधार पर जांच कर रही है।

Post a Comment