थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट.
ATH NEWS 11 GROUP -:लालगंज - बस्ती जिले के कलवारी थाना छेत्र के कलवारी विद्युत उपकेंद्र पर अघोषित विद्युत कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने घेरा विद्युत उपकेंद्र, हाईवे किया जाम.
अघोषित विद्युत कटौती और बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने कलवारी विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। काफी देर तक अधिकारियों और जिम्मेदार कर्मचारियों के मौके पर न पहुंचने से नाराज लोगों ने लुम्बिनी-दुद्धी मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप था कि क्षेत्र में लगातार अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। दिन और रात में बिजली की आपूर्ति बाधित रहने से आम लोगों के साथ ही दुकानदारों, किसानों और छोटे कारोबारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना था कि बिजली संबंधी शिकायतों के बावजूद समस्या का समय से समाधान नहीं किया जाता, जिससे लोगों में विभागीय कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कलवारी विद्युत उपकेंद्र पर जिम्मेदार अधिकारियों के न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने लुम्बिनी-दुद्धी मार्ग पर पहुंचकर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर सीओ कलवारी बृजेश सिंह और एसएचओ कलवारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मार्ग खाली कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
प्रदर्शनकारियों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। उपभोक्ताओं ने अघोषित विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाने, नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण की मांग की।
यहां बताते चलें कि सिर्फ कलवारी क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरा बस्ती मंडल इन दिनों भीषण विद्युत कटौती से जूझ रहा है। उनका आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रभावी सुनवाई नहीं होती। लगातार बिजली संकट के चलते लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

إرسال تعليق