महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा दरौली में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से कैलाश सिंह पुत्र स्व. झीनकू सिंह का आवासीय खपरैल मकान गिरकर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जाता है कि आकाशीय बिजली गिरने के बाद मकान का खपरैल हिस्सा अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। देखते ही देखते परिवार का आशियाना मलबे में तब्दील हो गया। मकान के क्षतिग्रस्त होने से पीड़ित परिवार के सामने रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है।
पीड़ित कैलाश सिंह ने बताया कि मकान आवासीय था और उसके ध्वस्त होने से उन्हें काफी आर्थिक क्षति हुई है। प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान को देखते हुए उन्होंने प्रशासन और सरकार से नुकसान का स्थलीय आकलन कराकर आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे परिवार तक सरकारी मदद कब पहुंचती है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment