महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के अमडीहा नारी टोला में शनिवार रात लावारिस हालत में नवजात बालक मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। नवजात मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे अमडीहा नारी टोला में ग्रामीणों को एक नवजात बालक लावारिस अवस्था में मिला। सूचना पर वार्ड नंबर पांच गांधी नगर के सभासद सिब्बू मल्ल ने नवजात को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
सीएचसी सिसवा में चिकित्सकों ने नवजात की प्राथमिक जांच और देखभाल की। इसके बाद बेहतर उपचार एवं निगरानी के लिए उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया। साथ ही घटना की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन को भी दी गई।
कोठीभार पुलिस के अनुसार, नवजात की सुरक्षित देखभाल और संरक्षण के लिए चाइल्ड केयर महराजगंज से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़ी परिस्थितियों और नवजात को लावारिस छोड़ने के मामले में जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल नवजात की हालत चिकित्सकों की निगरानी में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बताई गई है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment