संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट.।
ATH न्यूज़ 11 GROUP:- गयाजी पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत गयाजी रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (RPF), गुप्त वार्ता शाखा (CIB), CPDS और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर आई तेजस राजधानी एक्सप्रेस में छापेमारी कर करीब ₹8,87,450 मूल्य का 17.749 किग्रा गांजा जब्त किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई....
16 सितंबर की देर रात करीब 22:20 बजे गाड़ी संख्या 22811 अप तेजस राजधानी एक्सप्रेस के गया स्टेशन पहुंचने पर मुखबिर की सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कोच B-9 की बर्थ संख्या 21 पर दबिश दी। पूछताछ में संदेहास्पद यात्री ने अपना नाम मनोज कुमार वर्णवाल (उम्र 47 वर्ष), निवासी ग्राम–कैमाशिकोह, पटना सिटी (ज़िला–पटना) बताया।
लाखों का गांजा व सामान बरामद....
सहायक सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) संजय कुमार सिंह की मौजूदगी में जब यात्री के ट्रॉली बैग, हैंड बैग और झोले की तलाशी ली गई, तो उसमें से टेप से पैक किए गए 17 पैकेट गांजा (कुल वजन 17.749 किग्रा) बरामद हुआ। इसके अलावा यात्री के पास से एक मोबाइल फोन, पहचान पत्र और रेल टिकट भी जब्त किया गया।
जीआरपी को सौंपा गया अभियुक्त...
मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को 17 सितंबर की तड़के 00:50 बजे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। आरपीएफ ने जब्त गांजे व अन्य सामानों के साथ अभियुक्त मनोज कुमार वर्णवाल को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना (GRP) गयाजी के सुपुर्द कर दिया है।

Post a Comment