झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत के बलियारी गांव में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश के कारण उषा कुंअर के परिवार से जुड़े करीब 10 सदस्यों के मिट्टी के घर रहने लायक नहीं रह गए, जिसके बाद सभी परिवारों के सामने रहने और भोजन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
बताया जाता है कि ये परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से काफी कमजोर हैं और किसी तरह अपना भरण-पोषण कर रहे थे। परिवार के पास राशन कार्ड तक नहीं है, जिससे उन्हें सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में लगातार बारिश ने इन परिवारों की परेशानी और बढ़ा दी है।
मामले की जानकारी मिलते ही कांडी प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय तथा बलियारी पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम कुमार रवि तत्काल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। जनप्रतिनिधियों ने परिवार के सदस्यों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। फिलहाल सभी 10 परिवारों को सुरक्षित रखने के लिए पंचायत भवन में शिफ्ट कर दिया गया है।
वहीं, सरकार द्वारा गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना और झारखंड सरकार की अबुआ आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है, लेकिन पीड़ित परिवार का कहना है कि अभी तक उन्हें किसी भी सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। बारिश के बीच मिट्टी के घरों की स्थिति खराब होने के बाद परिवार के सामने सिर छुपाने तक की समस्या खड़ी हो गई है।
जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों को अपने घर की स्थिति बताने के दौरान उषा कुंअर भावुक होकर रोने लगीं। उन्होंने कहा कि वह अत्यंत गरीब और लाचार हैं तथा सरकार और जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगा रही है।

Post a Comment