⚡ ब्रेकिंग News

भाई को राखी बांधने का सपना रह गया अधूरा, थानाध्यक्ष ने बढ़ाया हाथ तो छलक उठीं आंखें.

 



थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट.



ATH NEWS 11 GROUP -:लालगंज -बस्ती। रक्षाबंधन का त्योहार हर बहन के लिए भाई के प्रति प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व होता है। लेकिन जब इसी दिन भाई का शव घर पहुंचे, तो उस बहन पर क्या बीतती है, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। ऐसा ही मार्मिक दृश्य वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव में देखने को मिला, जहां आदर्श यादव का शव शुक्रवार को कुआनो नदी से बरामद होने के बाद घर पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया।


आदर्श का शव गौर थाना क्षेत्र के केकरहवा सिधौनी के पास कुआनो नदी से बरामद किया गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आदर्श की चारों बहनें भाई को खोने के गम में दहाड़ मारकर रोने लगीं। रक्षाबंधन के दिन भाई का शव सामने देख वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।


सबसे भावुक क्षण उस समय सामने आया, जब आदर्श की बड़ी बहन पूजा हाथ में राखी लिए अपने भाई को पुकारती रही। जिस कलाई पर राखी बांधने के लिए वह सुबह से इंतजार कर रही थी, वह भाई अब हमेशा के लिए खामोश हो चुका था। पूजा की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।


इसी दौरान गौर थानाध्यक्ष अतुल कुमार अंजान ने पूजा की ओर अपना हाथ बढ़ाया। मानो बिना कुछ कहे उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में वह भाई की तरह उसके साथ खड़े हैं। भावुक हुई पूजा ने थानाध्यक्ष की कलाई पर राखी बांध दी। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।


बताया जाता है कि आदर्श की तलाश के दौरान थानाध्यक्ष अतुल कुमार अंजान पुलिस टीम के साथ लगातार प्रयासरत रहे। शव मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बहन को बिलखते देख थानाध्यक्ष ने संवेदना के साथ उसका सहारा दिया और रक्षाबंधन की परंपरा को निभाने में उसका साथ दिया।


रक्षाबंधन के दिन हुई यह घटना रिश्तों के साथ-साथ इंसानियत की भी एक भावुक तस्वीर छोड़ गई। एक बहन अपने भाई की कलाई पर राखी तो नहीं बांध सकी, लेकिन पुलिस की कलाई पर बंधी वह राखी उस दर्दनाक घड़ी में मिले भाई जैसे सहारे की गवाह बन गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...