अंबिकापुर। रेलवे स्टेशन परिसर में चेकिंग के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक लावारिस ट्रॉली बैग से 33.66 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। आरपीएफ पुलिस ने चेकिंग के दौरान युवक को संदिग्ध ट्रॉली बैग के साथ देखकर बुलाया। इसी बीच युवक उन्हें देखकर बैग वहीं छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। जब आरपीएफ अधिकारियों ने ट्रॉली बैग की तलाशी ली तो उसमें 2 अलग-अलग ब्रांड की शराब थी। जब्त शराब की कीमत लगभग 25 हजार 470 रुपए बताई जा रही है। इसके बाद वे गांधीनगर थाना पहुंचे और शराब उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
26 जुलाई की सुबह करीब 8.55 बजे अंबिकापुर रेलवे स्टेशन परिसर में आरपीएफ की नियमित चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान पार्किंग स्टाफ ने प्रधान आरक्षक एवं उपनिरीक्षक जी. खुंटिया को सूचना दी कि एक युवक चॉकलेटी रंग का ट्रॉली बैग लेकर घूम रहा है, जो काफी भारी प्रतीत हो रहा है। सूचना पर आरपीएफ जवानों ने युवक को रोककर पोस्ट में आने के लिए आवाज लगाई।
खुद को घिरता देख वह ट्रॉली बैग छोडक़र मौके से फरार हो गया। इसके बाद आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ट्रॉली बैग की तलाशी ली। बैग के अंदर से हनी बी ब्रांड की 129 और ओल्ड मोंक ब्रांड की 58, कुल 187 शीशियां (प्रत्येक 180 एमएल) अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल शराब की मात्रा 33 लीटर 660 मिलीलीटर थी। जब्त शराब की कीमत 25 हजार 470 रुपए बताई जा रही है।
आरपीएफ ने मौके पर जब्ती पंचनामा तैयार कर शराब को जब्त किया और वैधानिक कार्रवाई के लिए गांधीनगर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बैग छोडक़र फरार हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब की खेप अवैध परिवहन के उद्देश्य से लाई गई थी।
Post a Comment