⚡ ब्रेकिंग News

NH-730 पर दर्दनाक हादसा: सब्जी लेकर घर लौट रहे युवक की मौत, बच्चों के सिर से उठा पिता का साया.



महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शिकारपुर पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर एनएच-730 स्थित भीसवा माइनर के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक सब्जियां लेकर अपने घर लौट रहा था कि अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के लिए गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।


जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कृतपिपरा निवासी *राजीव नायक पुत्र कैलाश नायक* बाइक संख्या UP 56 AN 9657 (प्लेटिना) से सब्जियां लेकर महराजगंज की तरफ अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह शिकारपुर पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर आगे भीसवा माइनर ए टी एम के सामने पहुंचे, किसी कारणवश उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह अचेत अवस्था में सड़क पर पड़े रहे।

रात करीब पौने 11 बजे राहगीरों ने घटना की सूचना शिकारपुर पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही चौकी पर तैनात उपेंद्र दीवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल एम्बुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल महराजगंज भिजवाया।

जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। लेकिन गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही राजीव ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा करा दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

राजीव नायक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। परिवार का सहारा छिन जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। अब भिटौली पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा केवल बाइक फिसलने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था।

       प्रभारी महराजगंज 

          कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...