मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 18/07/2026 अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (ISKCON), औरंगाबाद बिहार द्वारा आयोजित भगवान जगन्नाथ, बलदेव एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा शनिवार को पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। दोपहर 3:00 बजे बाइपास स्थित पंचदेव धाम मंदिर से प्रारंभ हुई। इस दिव्य रथयात्रा में लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के पवित्र हरे कृष्ण महामंत्र का सामूहिक संकीर्तन किया।रथयात्रा का शुभारंभ परम पूज्य भक्ति विलक्षण आत्मा रामानंद कृष्ण चैतन्य स्वामी महाराज के मंगल आशीर्वचनों एवं करकमलों से हुआ। इस अवसर पर जगदीश श्याम, (अध्यक्ष, ISKCONया), सतीश सिंह (अध्यक्ष, रेड क्रॉस एवं प्रख्यात समाजसेवी), मुकेश (चेम्बर ऑफ कॉमर्स) सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और रथयात्रा का शुभारंभ कर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रथयात्रा पंचदेव धाम मंदिर से प्रारंभ होकर रमेश चौक, धर्मशाला मोड़, नगर थाना, सिन्हापुर मोड़ होते हुए फार्म मोड़ स्थित ISKCON मंदिर तक पहुँची। संपूर्ण मार्ग में श्रद्धालु मृदंग, करताल और मधुर हरिनाम संकीर्तन के साथ नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। पूरे नगर में "हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे। हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे।" महामंत्र की गूँज से वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक उल्लास से भर उठा। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर श्रद्धापूर्वक भगवान के दर्शन किए तथा पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया।
रथयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ के दिव्य दर्शन किए तथा रथ की पवित्र रस्सी खींचकर स्वयं को धन्य अनुभव किया। वैदिक परंपरा के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा में सम्मिलित होना, रथ के दर्शन करना तथा रथ की रस्सी खींचना अत्यंत शुभ एवं आध्यात्मिक कल्याणकारी माना जाता है। इस दिव्य उत्सव ने नगरवासियों में प्रेम, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना का सुंदर संदेश प्रसारित किया।
पूरे रथयात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच भगवान श्री जगन्नाथ का महाप्रसाद वितरित किया गया। रथयात्रा के समापन पर ISKCON मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र एवं स्वादिष्ट महाप्रसाद (भंडारा) ग्रहण किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ISKCON औरंगाबाद के भक्तों, स्वयंसेवकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रशासन एवं नगरवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।
यह जानकारी ISKCON औरंगाबाद, बिहार के अध्यक्ष अभय अच्युत दास तथा जनसंपर्क (PR) प्रमुख युगनायक दास द्वारा प्रदान की गई।

Post a Comment