मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद।आज दिनांक 17 जुलाई 2026 को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग अंतर्गत राशन कार्ड निर्माण एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत राशन कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने पंचायत सचिवों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र लाभुक का श्रेणीवार सत्यापन पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता से करें तथा अधिक से अधिक पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अपात्र व्यक्ति का सत्यापन पाए जाने पर संबंधित पंचायत सचिव के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 48,241 नए राशन कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध प्रतिदिन 1,608 आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रथम तीन दिनों में कुल 2,149 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो निर्धारित तीन दिवसीय लक्ष्य 4,824 के विरुद्ध लगभग 44.55 प्रतिशत उपलब्धि है। अब शेष 46,092 राशन कार्डों के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु आगामी 27 दिनों में प्रतिदिन औसतन 1,707 आवेदन प्राप्त करना आवश्यक होगा।
जिला पदाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि राशन कार्ड निर्माण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सभी जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानदारों के माध्यम से कराया जाए, ताकि पात्र परिवार समय पर आवेदन कर सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि "सहयोग शिविर" की तर्ज पर पंचायत स्तर पर राशन कार्ड आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र लाभुकों को सुविधा मिल सके।
बैठक में बताया गया कि जिले के सभी 11 प्रखंडों से राशन कार्ड निर्माण हेतु माइक्रो प्लान प्राप्त हो चुका है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि तैयार माइक्रो प्लान के अनुसार दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर प्रत्येक पंचायत में विशेष अभियान चलाया जाए तथा इसकी प्रतिदिन समीक्षा की जाए।
ऑनलाइन राशन कार्ड आवेदनों की समीक्षा में बताया गया कि 'क' एवं 'ख' श्रेणी के कुल 2,75,568 ऑनलाइन आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है तथा किसी भी आवेदन को लंबित नहीं रखा गया है। इस उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए इस गति को बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में ई-केवाईसी की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के 16,85,195 लाभार्थियों में से 14,97,912 लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है, जो 88.89 प्रतिशत उपलब्धि है। शेष लाभार्थियों का ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
संदिग्ध राशन कार्डों के सत्यापन की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 1,13,345 संदिग्ध कार्डों के विरुद्ध 99.92 प्रतिशत कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है। तथा 71,722 कार्डों एवं सदस्यों को हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है। जिला पदाधिकारी ने शेष लंबित मामलों का भी त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड निर्माण अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंच बनाई जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु पूर्ण जवाबदेही के साथ कार्य करें।
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन,जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव एवं बेबी प्रिया, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment