मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 21/07/2026 जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सिरिस, टाइप-3, बारुण की छात्राओं द्वारा विद्यालय में भोजन की निम्न गुणवत्ता, निर्धारित मेन्यू एवं डाइट चार्ट का पालन नहीं किए जाने तथा अन्य व्यवस्थागत अनियमितताओं से संबंधित एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी को मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जांच कराई गई। जांच के दौरान छात्राओं की शिकायतों में वर्णित कई बिंदु सही पाए गए। विद्यालय में भोजन एवं पोषण संबंधी निर्धारित मानकों के अनुपालन तथा छात्रावास संचालन में अनियमितताएं सामने आने के बाद संबंधित पदाधिकारियों द्वारा तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की गई।कार्रवाई के क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बारुण टाइप-3 की *वार्डन-सह-शिक्षिका गीता कुमारी* का स्थानांतरण कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कुटुम्बा टाइप-1 कर दिया गया। साथ ही, विद्यालय की *शिक्षिका सपना प्रकाश* को अगले आदेश तक विद्यालय का *प्रभारी वार्डन* नामित किया गया है, ताकि छात्रावास का संचालन सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त *अंकगणित शिक्षिका आँचल कुमारी* का भी स्थानांतरण कुटुम्बा टाइप-1 से बारुण टाइप-3 किया गया है। संबंधित सभी कर्मियों को नियमानुसार दो दिनों के भीतर प्रभार का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर आवासीय व्यवस्था तथा उनके शैक्षणिक हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में भी किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन छात्राओं की शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी आवासीय विद्यालयों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि छात्राओं को सुरक्षित, अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Post a Comment