संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP :-गयाजी जनपद की डोभी थाना पुलिस ने पिपरघटी पार्क के समीप हुए हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई नेक्सन कार (BR56 E 1018) भी बरामद की है।
वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बीती 8 जुलाई 2026 को डोभी थाना अंतर्गत पिपरघटी पार्क के सामने दक्षिणी जी.टी. रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ए.एन.एम.एम.सी.एच., गया भेजा और डोभी थाना कांड संख्या-160/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी गया द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), शेरघाटी-2 के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। इस टीम में डोभी थानाध्यक्ष, स्थानीय पुलिसकर्मी और तकनीकी शाखा के विशेषज्ञ शामिल थे।तकनीकी अनुसंधान और सूचना संकलन के आधार पर विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए अरवल जिले के कलेर थाना अंतर्गत अगनूर गांव निवासी मुकेश कुमार (पिता- सगुनी केशरी) को गिरफ्तार किया।
आपसी विवाद बनी हत्या की वजह पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी मुकेश कुमार ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि मृतक के साथ उसका आपसी विवाद चल रहा था, इसी रंजिश के कारण उसने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।

Post a Comment