⚡ ब्रेकिंग News

डेहरी ऑन सोन में पतंजलि योग कक्षा द्वारा धूमधाम से मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव, हुआ भव्य हवन-पूजन.




 डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। बिहार के रोहतास जिला अंतर्गत डेहरी ऑन सोन में पतंजलि आदर्श योग कक्षा के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर पतंजलि के तमाम योग साधकों ने एकत्रित होकर सामूहिक रूप से भव्य यज्ञ और हवन-पूजन का आयोजन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पतंजलि के जिला प्रभारी उमाशंकर प्रसाद ने गुरु की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "मैं गुरु महाराज जी के चरण कमलों की वंदना करता हूँ, जो साक्षात कृपा के समुद्र और नर रूप में श्री हरि ही हैं। गुरु के वचन महामोह रूपी घने अंधकार का नाश करने के लिए सूर्य की किरणों के समान हैं। गुरुदेव के चरणों में हमारी लगन ऐसी होनी चाहिए, जैसी स्वाति नक्षत्र के प्रति पपीहे की होती है।" उन्होंने गुरु जी के चरणों में कोटि-कोटि नमन करते हुए सभी के कल्याण की कामना की।


यज्ञ और हवन के वैज्ञानिक व आध्यात्मिक महत्व को बताते हुए जिला प्रभारी ने कहा कि यज्ञ कुंड में अर्पित की गई हवि (आहुति) रोग और प्रदूषण रूपी नकारात्मक शक्तियों को ठीक उसी तरह नष्ट कर देती है, जैसे नदी अपने बहाव से झाग को समाप्त कर देती है। अग्नि से उत्पन्न होने वाला पवित्र धूम्र आकाश में व्याप्त होकर चारों ओर फैलता है और पूरे वायुमंडल को शुद्ध करता है।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति: -इस भव्य धार्मिक व आध्यात्मिक अनुष्ठान में पतंजलि परिवार के कई गणमान्य सदस्य और योग साधक शामिल हुए। मुख्य रूप से पतंजलि जिला प्रभारी उमाशंकर प्रसाद, योग शिक्षक प्रभु नारायण शर्मा, ललन चौधरी, धनंजय कुमार, सरोज कुमार, ददन राय, राजेंद्र सिंह, कृष्ण प्रसाद, दयाशंकर प्रसाद, मुराली सिंह, जोगिंदर पाल, राजेश कुमार और संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में योग साधक भाइयों ने मिलकर आहुतियां दीं।

हवन-पूजन की पूर्णाहुति के बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं और योग साधकों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण गुरुभक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...