झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में सोमवार को आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 210 छात्राओं सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान सभी छात्राएं एवं शिक्षक स्वस्थ पाए गए।
विद्यालय की वार्डन आर. उषा कुमारी के अनुरोध पर प्रत्येक 15 दिनों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की पहल के तहत मझिआंव से पहुंची मेडिकल टीम ने विद्यालय परिसर में शिविर लगाया। टीम में डॉ. विशाल कुमार, डॉ. वीर प्रताप सिंह एवं नेत्र सहायक सरोज कुमारी, एएनएम मंजू कुमारी अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।
चिकित्सकों ने छात्राओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी। इस दौरान छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से छात्राओं के स्वास्थ्य की सतत निगरानी संभव होगी, जिससे वे बेहतर स्वास्थ्य के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें। छात्राओं और शिक्षकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता बताई। इधर डॉक्टर वीर प्रताप सिंह ने कहा कि छात्राओं का नियमित जांच किया गया इसके साथ-साथ आवश्यकता अनुसार दवा दी गई।

Post a Comment