महराजगंज। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा दुर्गावती देवी इंटर कॉलेज, प्रयागनगर भैंसा (भिटौली बाजार), महराजगंज एक बार फिर अपनी शानदार उपलब्धियों को लेकर चर्चा में है। विद्यालय के छात्रों ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा, IIT-JEE Mains, NDA, एयर फोर्स, CRPF तथा अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार सत्र 2025-26 की जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में तीन विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इनमें अनामिका दुबे, अल्तमश खान और हरिकेश यादव शामिल हैं। वहीं ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में छह विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा है।
उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी विद्यालय के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। रेहान खान का चयन जामिया विश्वविद्यालय, दिल्ली में हुआ है, जबकि प्रतीक शर्मा ने IIT-JEE Mains 2025 में सफलता प्राप्त की। सपना गुप्ता ने NDA परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है। वहीं गौरव गुप्ता का चयन एयर फोर्स में तथा अंकित कान्दू का चयन ऑनलाइन शिक्षण मंच पर हुआ है। विनय कुमार मौर्य ने CRPF में चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
विद्यालय के छात्र सूर्यकांत त्रिपाठी ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने IIT-JEE Mains में 93 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
खेल के क्षेत्र में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार उपलब्धि दर्ज की है। कोलकाता में आयोजित ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में विद्यालय के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस सफलता पर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।
विद्यालय के प्रबंधक एवं शिक्षकों ने सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करना है।
विद्यालय की इन उपलब्धियों ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी उचित मार्गदर्शन और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment