महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा ग्राम पंचायत के करमहिया टोला में 15 वर्षीय किशोरी आंचल चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए थे।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह आंचल चौधरी का शव उसके घर में संदिग्ध अवस्था में मिला था। घटना के समय उसके माता-पिता धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे, जबकि किशोरी घर पर अकेली थी। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। घटना की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका के परिजनों ने पड़ोस के युवक मंजेश उर्फ गुड्डू पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वह पिछले लगभग एक वर्ष से किशोरी पर बातचीत करने का दबाव बना रहा था। परिजनों का आरोप है कि युवक ने किशोरी का एक वीडियो बना लिया था और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसी कारण उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भिटौली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा विभिन्न पहलुओं पर गहन पड़ताल की। जांच के दौरान मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के दुष्प्रेरण के आरोप में कार्रवाई आगे बढ़ाई।
इसी क्रम में मंगलवार को भिटौली पुलिस ने नामजद आरोपी मंजेश उर्फ गुड्डू निवासी सेमरा राजा टोला करमहिया को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग पुलिस जांच के अंतिम निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment