एटीएच न्यूज़ 11 :-गोंडा जिले में भ्रष्टाचार पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। जन्म प्रमाणपत्र बनाने के बदले रिश्वत मांग रहे ग्राम विकास अधिकारी को टीम ने रंगे हाथ दबोच लिया।
यह मामला गोंडा के बभनजोत ब्लॉक का है। यहां तैनात ग्राम विकास अधिकारी उमेश कुमार भारती पर अजमल नाम के व्यक्ति ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की। आरोप है कि उमेश ने तीन बच्चों का जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए 10 हजार रुपए की घूस मांगी और साफ कहा कि पैसे दोगे तभी काम होगा।
शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। बृहस्पतिवार को अजमल को नोटों की गड्डी देकर उमेश के पास भेजा गया। जैसे ही उमेश पैसे गिन रहा था, टीम ने उसे मौके पर दबोच लिया। विरोध करने पर उसे दो-चार थप्पड़ भी लगे।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी सचिव को जेल भेज दिया गया है। अब उसे गर्मी के मौसम में अगले तीन-चार महीने जेल की रोटी खानी पड़ेगी। कुछ साल की नौकरी बची थी, लेकिन रिश्वतखोरी ने बुढ़ापा खराब कर दिया।
एंटी करप्शन टीम ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment