गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपुर ओपी मेन रोड पर पाइपलाइन बिछाने के बाद छोड़े गए गड्ढों ने राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क के बीच बने इस गड्ढे के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मौन हैं। ज्ञात हो कि श्रीनगर सोन नदी से जिले के विभिन्न जलाशयों और पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य एलएनटी कंपनी करा रही है। कंपनी ने कार्य के दौरान नियमों की अनदेखी करते हुए बिना विभाग की अनुमति जेसीबी से करीब 15 फीट लंबाई में पक्की सड़क काट दी। पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को दोबारा पक्का करने के बजाय केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया।
लगातार भारी वाहनों के आवागमन से मिट्टी दबती गई। अब वहां लगभग एक फीट गहरा गड्ढा बन चुका है। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है और हादसे की आशंका बनी हुई है। इससे पहले भी कांडी–केतार कोल्ह रोड स्थित हरिहरपुर बस स्टैंड के पास इसी तरह सड़क काटकर छोड़ दी गई है।जिससे लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई और बारिश हो गई तो स्थिति और गंभीर हो जाएगी। मिट्टी कीचड़ में बदल जाएगी। जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाएगी।
लोगों ने प्रशासन और सड़क निर्माण विभाग से मांग की है कि अविलंब सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को पक्का कराया जाए। जिससे आम जनता को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।

Post a Comment