महराजगंज:-जनपद के घुघली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम मठिया पोस्ट बसन्तपुर निवासी 28 वर्षीय पुनीता प्रजापति अपने पति चंदेश्वर प्रजापति के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं।
दोपहर करीब 12:30 बजे जब वे मंगलपुर पटखौली रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से पुनीता बाइक से नीचे गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था—अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही पुनीता ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी है।
थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह के अनुसार:मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना की जांच जारी है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह।

Post a Comment